http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 01 जून, 2007 को 06:11 GMT तक के समाचार

अमरीका परमाणु समझौते के लिए अडिग

अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता टोनी स्नॉ ने कहा है कि उनका देश भारत के साथ असैनिक परमाणु समझौते के लिए प्रतिबद्ध है.

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि 'कुछ तकनीकी मुद्दों' के कारण समझौते को लागू करने में देरी हो रही है.

इस बीच नई दिल्ली में अमरीकी विदेश उपमंत्री निकोलस बर्न्स शुक्रवार को परमाणु समझौते पर ही भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत आगे बढ़ाएंगे.

उन्होंने गुरुवार को विदेश सचिव शिवशंकर मेनन से मुलाक़ात की थी और पत्रकारों से कहा था कि वो बातचीत की प्रगति से आशान्वित हैं.

समयसीमा नहीं

टोनी स्नॉ का कहना था, "मैं आपको कोई अंतिम समयसीमा नहीं बता सकता लेकिन सरकार समझौते के लिए प्रतिबद्ध है."

उन्होंने माना कि बातचीत के दौरान थोड़ी बुहत बाधा आना स्वाभाविक है.

स्नॉ ने कहा, "कभी भी जब इतना बड़ा और महत्वाकांक्षी समझौता करते हैं तो कुछ तकनीकी मुद्दों पर फंसते हैं जो आगे बढ़ने की गति को धीमा कर देता है."

निकोलस बर्न्स समझौते के कुछ प्रस्तावों पर मतभेद सुलझाने के लिए ही तीन दिन की यात्रा पर भारत आए हुए हैं.