सोमवार, 28 मई, 2007 को 14:37 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की सेना ने कहा है कि राजधानी कोलंबो के पास हुए बम धमाके में कम से कम पाँच लोग मारे गए हैं.
अधिकारियों ने इसके लिए तमिल विद्रोहियों को दोषी ठहराया है.
विस्फोट कोलंबो के पास रतमलाना ज़िले में हुआ और इसमें 24 से ज़्यादा लोग घायल भी हुए हैं.
श्रीलंकाई रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता उपाली राजपक्षे ने कहा है कि बम धमाका एक पुलिस काफ़िले को निशाना बनाकर किया गया था.
घायलों में से कुछ ही हालत गंभीर है.
पिछले गुरुवार को भी कोलंबो में धमाका हुआ था जिसमें एक सैनिक की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए थे.
वर्ष 2002 में श्रीलंका सरकार और एलटीटीई के बीच हुए संघर्षविराम हुआ था लेकिन पिछले कई महीनों से दोनों पक्षों के बीच संघर्ष तेज़ हुआ है.
आधिकारिक तौर पर तो संघर्षविराम की स्थिति है लेकिन आए दिन होने वाली झड़पों और लड़ाई के चलते स्थिति गंभीर होती जा रही है.
वर्ष 2005 के अंत से लेकर अब तक हिंसा में करीब चार हज़ार लोग मारे जा चुके हैं.