http://www.bbcchindi.com

अमरिंदर की सतर्कता ब्यूरो के सामने पेशी

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने लुधियाना सिटी सेंटर घोटाले की जाँच के सिलसिले में सोमवार को राज्य सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों के सामने हाज़िरी दी.

अमरिंदर अपनी पत्नी और लोक सभा की सदस्य परनीत कौर और भाई मलविंदर सिंह के साथ सुबह 10 बजे सर्किट हाउस पहुँचे.

सतर्कता ब्यूरो ने 24 मई को उन्हें नोटिस भेजकर सामने पेश होने के लिए कहा था.

माना जा रहा है कि सतर्कता अधिकारी अमरिंदर सिंह से घोटाले में गिरफ़्तार दिल्ली के व्यापारी के साथ उनके ‘रिश्ते’ के बारे में पूछताछ करेंगे.

पूछताछ

इस व्यापारी के पेन ड्राइव और कंप्यूटर से कथित तौर पर अमरिंदर और उनके परिजनों के खातों से भारी लेन-देन की जानकारी मिली थी.

समाचार एजेंसी पीटीआई ने अमरिंदर के एक करीबी सूत्र के हवाले से कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने सतर्कता ब्यूरो द्वारा उन्हें भेजी गए 56 सवालों का सिलसिलेवार जवाब तैयार कर लिया है.

ब्यूरो ने अमरिंदर के राजनीतिक विरोधी और अकाली दल नेता प्रकाश सिंह बादल के सत्तासीन होने के तीन हफ़्ते बाद गत 18 मार्च को अमरिंदर और 18 अन्य के ख़िलाफ़ इस घोटाले में भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था.

अमरिंदर ने इस मामले में गिरफ़्तारी से बचने के लिए पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय से अंतरिम ज़मानत हासिल कर ली थी.

अमरिंदर की पत्नी और पुत्र रनिंदर सिंह को हालाँकि इस मामले में नामजद नहीं किया गया है, लेकिन उन्होंने भी ऐहतियातन हाईकोर्ट से अंतरिम ज़मानत ले रखी है.

अमरिंदर के अलावा इस घोटाले में कांग्रेस की पंजाब राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष एच एस हंसपाल, पूर्व स्थानीय निकाय मंत्री चौधरी जगजीत सिंह और लुधियाना सुधार न्यास के तत्कालीन अध्यक्ष परमजीत सिंह सिबिया को भी नामजद किया गया है.