रविवार, 27 मई, 2007 को 08:17 GMT तक के समाचार
उमर फ़ारूक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
आंध्र प्रदेश की पुलिस ने दस बच्चों का यौन शोषण करने के मामले में एक व्यक्ति को विजयवाड़ा से गिरफ़्तार किया है.
इन बच्चों में से एक की मौत हो चुकी है.
विजयवाड़ा के पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद ने बताया कि 31 वर्षीय गुंडू शिवा को संदिग्ध परिस्थितियों में एक दस वर्ष के बच्चे की मौत के मामले में गिरफ़्तार किया गया.
लेकिन जब उससे पूछताछ शुरु हुई तो उसने बच्चों को बहला फुसला कर उनके साथ बलात्कार और अप्राकृतिक यौनाचार जैसे गुनाह क़बूल कर लिए.
आनंद का कहना था, "वह शाम के समय बच्चों को बहला फुसला कर सुनसान जगहों पर ले जाता था और अपने मोबाइल फ़ोन पर ब्लू फ़िल्मों की क्लिप दिखाने के बाद उनके साथ दुराचार करता था."
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन सभी दस बच्चों की पहचान कर ली है जो गुंडू शिवा के शिकार बने. इनमें से दस साल के एक बच्चे की मौत हो चुकी है.
आनंद ने बताया कि बाकी सभी बच्चों की उम्र 13 से 15 साल के बीच थी.
सभी बच्चे गरीब परिवारों से थे.