http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 23 मई, 2007 को 21:13 GMT तक के समाचार

तमिलनाडु में दीवार गिरने से 27 की मौत

तमिलनाडु के तिरुपुर ज़िले में बुधवार को एक शराबखाने से सटी दीवार गिरने से 27 लोगों की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए.

पुलिस के अनुसार यह हादसा ‘बार’ से सटी एक निर्माणाधीन फैक्ट्री की दीवार के गिरने के कारण हुआ.

स्थानीय पुलिस अधिकारी एम एल मंजूनाथ ने समाचार एजेंसी रॉयटर को बताया कि मरनेवालों में अधिकतर मजदूर थे.

पुलिस ने आशंका जताई है कि दीवार भारी बारिश के कारण गिरी होगी.

वरिष्ठ प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

भारत में निर्माणाधीन इमारतों का गिरना बेहद सामान्य बात है और अक्सर इसकी चपेट में मजदूर आ जाते हैं.

मार्च में मुंबई में एक इमारत गिर गई थी जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी और छह लोग घायल हो गए थे.

फ़रवरी में मुंबई में ही एक निर्माणाधीन इमारत के गिरने से 15 मजदूरों की मौत हो गई थी.