http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 22 मई, 2007 को 11:42 GMT तक के समाचार

अबू सलेम सात दिन की पुलिस हिरासत में

मुंबई धमाकों के अभियुक्त अबू सलेम को दिल्ली की एक अदालत ने जबरन उगाही के मामले में सात दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.

अबू सलेम को कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को मुंबई से दिल्ली लाया गया था.

सलेम को मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सीमा मैनी की अदालत में पेश किया गया.

उन पर दक्षिणी दिल्ली के एक व्यवसायी को जबरन उगाही के लिए फ़ोन पर धमकाने का मामला चल रहा है. यह मामला छह साल पुराना है.

अलायड कम्युनिकेशंस के मालिक रजत नागरथ ने पुलिस को बताया था कि अबू सलेम ने उनसे एक करोड़ रूपए की माँग की थी.

सलेम के ख़िलाफ़ दिल्ली में चार मुक़दमे दर्ज हैं लेकिन पुर्तगाल के साथ हुए प्रत्यर्पण संधि के मुताबिक उन पर सिर्फ़ तीन मामलों में मुक़दमा चलाया जा सकता है.

स्थानीय अदालत ने जबरन उगाही के मामले में तीन बार उन्हें पेश होने का नोटिस भेजा था लेकिन मुंबई की अदालत ने इस पर रोक लगा दी थी.

मुख्य अभियुक्त

मुंबई में 1993 में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के प्रमुख अभियुक्त अबू सालेम को सन् 2005 में पुर्तगाल से प्रत्यर्पण के बाद मुंबई लाया गया था.

इन धमाकों में ढाई सौ से अधिक लोग मारे गए थे और एक हज़ार से अधिक घायल हुए थे.

सालेम के ख़िलाफ़ हत्या, अपहरण और फिरौती माँगने के 60 से अधिक मामले हैं.

आरोपों में कहा गया है कि अबू सलेम ने दाऊद इब्राहीम की रची हुई एक साज़िश के तहत बम धमाके में अपने सहयोगियों को हथियार और गोला-बारूद दिया था.

मुंबई बम धमाकों के मामले में संजय दत्त को भी अभियुक्त बनाया गया है.

संजय दत्त पर आरोप है कि उन्होंने सलेम से लेकर दो एके-56 राइफ़लें अपने पास रखी थीं.