http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 22 मई, 2007 को 06:17 GMT तक के समाचार

उमर फ़ारूक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद

विस्फोटों की सीबीआई जाँच का आश्वासन

आंध्र प्रदेश के कुछ मुस्लिम संगठनों के मुताबिक मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी ने हैदराबाद में हुए धमाकों की सीबीआई जाँच करवाने का आश्वासन दिया है.

सोमवार को इस सिलसिले में कुछ मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधियों और नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाक़ात की.

यह जानकारी देते हुए हैदराबाद के सांसद असीदुद्दीन ओवैसी ने बीबीसी को बताया, "हमने मुख्यमंत्री से मक्का मस्जिद पर हुए हमले की सीबीआई जाँच करवाने की माँग रखी. मुख्यमंत्री ने हमारी माँग स्वीकार करते हुए घटना की सीबीआई जाँच करवाने का आश्वासन दिया है."

हैदराबाद की मस्जिद में धमाका

ग़ौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को हैदराबाद की ऐतिहासिक मक्का मस्जिद में जुमे की नमाज़ के वक्त हुए विस्फ़ोट में 13 लोग मारे गए और उसके बाद पुलिस फायरिंग में पाँच लोगों की मौत हो गई थी. इसमें 35 से अधिक लोग घायल हुए थे.

सांसद के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा है कि घटना के बाद मक्का मस्जिद के अंदर ही उन्होंने यह आश्वासन दिया था कि वो सीबीआई जाँच करवाएंगे और वो अपने आश्वासन से पीछे नहीं हटे हैं.

उधर मुस्लिम संगठनों के अलावा कई नागरिक अधिकार संगठन, बुद्धिजीवी और लेखक भी इस माँग को लेकर सामने आ रहे हैं कि मक्का मस्जिद में धमाकों की सीबीआई जाँच हो और पुलिस फ़ायरिंग के लिए ज़िम्मेदार अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाए.

मुस्लिम संगठनों ने राज्य सरकार को यह चेतावनी दी कि इस मामले में अगर मुसलमानों के साथ न्याय नहीं किया गया तो वे अपना आंदोलन और तेज़ करेंगे.

साथ ही मुख्यमंत्री के सामने यह जाँच करवाने की भी माँग रखी गई कि वे कौन से पुलिस अधिकारी हैं जो मीडिया में कह रहे हैं कि इन धमाकों के पीछे मुस्लिम और बाहरी चरमपंथी संगठनों का हाथ है.