http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 21 मई, 2007 को 10:32 GMT तक के समाचार

डेरा सच्चा सौदा माफ़ी माँगे - बादल

पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने डेरा सच्चा सौदा से सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के लिए माफ़ी माँगने को कहा है.

बादल ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि अगर डेरा सच्चा सौदा माफ़ी माँग ले तो पूरा मामला ख़त्म हो सकता है.

उन्होंने कहा, "कोई भी व्यक्ति अपने धर्म के बारे में संजीदा होता है और अगर कोई टिप्पणी उनकी भावनाओं को ठोस पहुँचाती है तो इसकी प्रतिक्रिया सामने आती है."

डेरों का प्रभाव और राजनीति

पिछले सप्ताह समाचार पत्रों में छपे एक विज्ञापन के बाद डेरा सच्चा सौदा और सिख संगठनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. इस विज्ञापन में डेरा प्रमुख बाबा राम रहीम को सिखों के गुरू गोविंद सिंह की तरह के वस्त्र पहने हुए दिखाया गया था.

कुछ सिख संगठन इसे गुरु गोविंद सिंह के अपमान के तौर पर देख रहे हैं और उनका कहना है कि इससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं.

इसके बाद राज्यभर में दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़पें हुईं और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार को बड़े पैमाने पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती करनी पड़ी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि तनाव के बावजूद पंजाब की जनता ने संयम का परिचय दिया और इसीलिए कुछ एक घटनाओं को छोड़ दें तो राज्य में अमन शांति कायम रहा.

मंगलवार को अकाल तख़्त की ओर से राज्यव्यापी बंद के आह्वान पर उनका कहना था कि इस दौरान किसी भी व्यक्ति को शांति भंग करने की इजाज़त नहीं दी जाएगी.

मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा, "स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी और ख़ुफ़िया विभाग के साथ बैठक हुई है जिसमें बंद के मद्देनज़र केंद्रीय बलों की तैनाती पर चर्चा हुई."

अकाल तख़्त ने माँग की है कि 27 मई तक राज्य में डेरा सच्चा सौदा की सब शाखाएँ बंद कर दी जाएँ और डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख बाबा गुरमीत राम रहीम सिंह के ख़िलाफ़ सीबीआई जाँच का काम तेज़ी से पूरा किया जाए.

दूसरी ओर डेरा सच्चा सौदा का कहना है कि शाखाएँ खाली करने का सवाल ही पैदा नहीं होता.