http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 15 मई, 2007 को 14:31 GMT तक के समाचार

पंजाब के कई शहरों में रोष प्रदर्शन, तनाव

पंजाब के कई शहरों में सिखों ने एक संप्रदाय - डेरा सच्चा सौदा- के अध्यक्ष पर सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किए हैं. कुछ जगह तोड़फोड़ भी हुई है.

मंगलवार को पंजाब के भटिंडा, अमृतसर, जालंधर, पटियाला, लुधियाना, मोगा, मान्सा सहित कई शहरों में उग्र प्रदर्शन हुए हैं.

जम्मू और चंडीगढ़ में भी हुए प्रदर्शनों के बाद स्थिति तनावपूर्ण है. इन प्रदर्शनों में भाग ले रहे कई सिखों ने तलवारें उठा रखी थीं.

महत्वपूर्ण है कि सोमवार को दोनो पक्षों के बीच भटिंडा में तनाव तब हुआ जब डेरा के अध्यक्ष गुरमीत राम रहीम सिंह को एक पंजाबी अख़बार में छपे विज्ञापन में सिखों के गुरु गोबिंद सिंह जैसी वेशभूषा पहने दिखाया गया.

सोमवार को सिखों ने इस पर ऐतराज़ जताया और डेरा के अध्यक्ष का पुतला जलाने की कोशिश की.

उधर डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों ने भटिंडा में इसका विरोध किया. इसके बाद उनके और सिखों के बीच भटिंडा में झड़पें हुई थीं जिनमें बीस लोग घायल हुए.

मंगलवार को रोष प्रदर्शन भी हुए, कुछ वाहनों को आग लगा दी गई, तोड़फोड़ भी हुई और डेरा के अध्यक्ष के पुतले भी जलाए गए.

बैठक

इसी विषय पर सिखों के ऐतिहासिक गुरुद्वारों के रखरखाव और धार्मिक मामलों की संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के नियुक्त सिख धर्मगुरुओं की अमृतसर में बैठक हुई.

एसजीपीसी अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ और धार्मिक मामलों की सिख संस्था अकाल तख़्त के जत्थेदार ने पत्रकारों को बताया कि सभी सिख संस्थाओं से 17 फ़रवरी को भटिंडा के पास तलवंडी साबो में एकत्र होने का आहवान किया है.

उधर कट्टरपंथी माने जाने वाली सिख संस्था दमदमी टकसाल और धार्मिक सिखों के संगठन संत समाज ने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मिलकर डेरा के अध्यक्ष को गिरफ़्तार करने की माँग की है.

दूसरी ओर डेरा के समर्थकों ने भटिंडा में प्रदर्शन किया और माँग की कि जिन लोगों ने पुतले जलाए हैं वे माफ़ी माँगें.

सक्रिय डेरा

डेरा सच्चा सौदा का सबसे अधिक प्रभाव हरियाणा के सिरसा ज़िले में है जो सामाजिक क्षेत्र में काफ़ी सक्रिय है.

सिरसा के अलावा, उस इलाक़े के साथ सटे पंजाब के भटिंडा, संगरूर, मुक्तसर और फिरोज़पुर क्षेत्र में उसका काफ़ी प्रभाव है.

ग़ौरतलब है कि फ़रवरी में हुए पंजाब विधानसभा चुनावों में डेरा सच्चा सौदा ने जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आहवान किया था.

इसके बाद उस इलाक़े से कई वरिष्ठ अकाली नेता चुनाव हार गए थे. डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों का आरोप है कि सरकार और प्रशासन इसीलिए उनके ख़िलाफ़ हो गए हैं.

उधर अकाली-भाजपा गठबंधन के नेताओं ने इन आरोपों का खंडन किया है. पंजाब के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अकाली नेता प्रकाश सिंह बादल ने कहा, "किसी को भी शांति और सांप्रदायिक सदभाव भंग नहीं करने दिया जाएगा. यदि कोई क़ानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी."

सरकार ने भटिंडा क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक को सोमवार की घटना की जाँच करने के आदेश दिए हैं.

उधर डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता ने समाचार माध्यमों से कहा कि ये कुछ लोगों की ओर से किया जा रहा ग़लत प्रचार है क्योंकि सिख धर्म में किसी भी तरह की वेशभूषा धारण करना प्रतिबंधित नहीं है.