http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 14 मई, 2007 को 13:48 GMT तक के समाचार

गुजरात पुलिस ने छात्र को रिहा किया

भारत भर में कलाकारों के देशव्यापी प्रदर्शन के बीच गुजरात पुलिस ने हिंदू देवी देवताओं का कथित अश्लील चित्र बनाने के आरोप में गिरफ़्तार छात्र को ज़मानत पर रिहा कर दिया है.

वडोदरा यूनिवर्सिटी में फ़ाइन आर्टस के छात्र चंद्रमोहन को पुलिस ने पाँच दिनों पहले गिरफ़्तार कर लिया था.

पिछले हफ़्ते इस मामले ने तूल पकड़ लिया था जब कुछ लोगों ने चंद्रमोहन की बनाई गई पेंटिंग को यह कहते हुए नष्ट कर दिया कि इससे हिंदुओं की भावनाएँ आहत होती हैं.

विश्वविद्यालाय के छात्रों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा था कि यह अभिव्यक्ति की आज़ादी के अधिकार का उल्लंघन है.

इसी कड़ी में सोमवार को मुंबई और दिल्ल समेत देश भर में कलाकारों ने विरोध प्रदर्शन किया.

गुजरात सरकार ने फ़ाइन आर्ट के छात्रों का समर्थन करने के लिए विश्वविद्यालय के कला विभाग के डीन को भी निलंबित कर दिया था.

चर्चित पेंटर एमएफ़ हुसैन की कुछ कलाकृतियों पर भी हाल ही में हिंदूवादी संगठनों ने एतराज़ जताया था.

कलाकारों का कहना है कि ऐसे संगठनों के मुठ्ठी भर समर्थक हैं जो अपने तरीके से नैतिकता को परिभाषित करना चाहते हैं.