शनिवार, 12 मई, 2007 को 21:22 GMT तक के समाचार
एक ब्रितानी पर्वतारोही की ख्वाहिश है कि वह सबसे ऊँची मोबाइल कॉल का रिकॉर्ड बनाए. और इसके लिए उसने चुना है माउंट एवरेस्ट को.
रॉड बाबर अब माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने की अंतिम तैयारियों में जुटे हुए हैं. वे एवरेस्ट की उत्तरी चोटी से यह प्रयास करने जा रहे हैं.
पिछले कुछ हफ़्तों में अपने आपको एवरेस्ट के मौसम के अनुरुप ढालने के बाद अब रॉड बाबर बेस कैंप में पहुँच गए हैं.
इस रोचक अभियान की शुरुआत होगी 15 मई से और रिकॉर्ड कॉल की कोशिश होगी आठ दिन बाद.
चीन के कारण
बाबर मध्य अप्रैल में बेस कैंप में पहुँच गए थे और तब से वे ऊँचाई और मौसम के अनुरुप अपने आपको ढालने को कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने बीबीसी को बताया, "मुझे तीन दिन लगे जब मैं साँस उखड़े बिना 50 क़दम से ज़्यादा चल सकूँ."
एवरेस्ट पर चढ़ने की कोशिश में टीम के सदस्यों को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है. जैसा कि बाबर बताते हैं, उनका वज़न 11 किलो कम हो चुका है और वे मानकर चल रहे हैं कि शिखर पर पहुँचते-पहुँचते पाँच किलो और कम हो जाएगा.
एवरेस्ट से मोबाइल कॉल करना इसलिए संभव हो सकेगा क्योंकि उत्तरी चोटी के पास चीन ने एक बेस स्टेशन स्थापित किया है.
हिमालय में फ़ोन पर संपर्क में सुधार हुआ है क्योंकि चीन की सेना भी बेस कैंप में हैं और वह ओलंपिक ज्योति को शिखर पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं.
बाबर का कहना है कि यदि मौसम सही रहा तो इस कोशिश के कामयाब होने की संभावना अच्छी है.
वे कहते हैं, "आप एवरेस्ट के शिखर पर तब पहुँच पाते हैं जब वह चाहता है, तब नहीं जब आप चाहते हैं."