http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 07 मई, 2007 को 02:15 GMT तक के समाचार

गोलीबारी में दो अमरीकी सैनिक मरे

अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल के निकट अफ़ग़ान सेना की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने ताबड़तोड़ गोलियाँ चलाई जिसमें दो अमरीकी सैनिक मारे गए हैं.

पुल-ए-चर्खी ज़ेल के निकट हुई इस गोलीबारी में दो अन्य अमरीकी सैनिक घायल भी हो गए. हालाँकि जेल की सुरक्षा में तैनात अफ़ग़ान सैनिकों ने हमलावर को भी मार दिया.

अफ़ग़ानिस्तान में तैनात गठबंधन सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि शुरुआती संकेतों के मुताबिक हमलावर 'असंतुष्ट' जवान था लेकिन उसकी मंशा क्या थी, ये पता नहीं है.

मारे गए अमरीकी सैनिक अधिकारियों की उस टीम में शामिल थे जो अफ़ग़ान सेना को जेल के अति संवेदनशील हिस्से की सुरक्षा का प्रशिक्षण दे रहा है.

एक रिपोर्ट के मुताबिक यह हिस्सा उन अफ़ग़ान क़ैदियों के लिए विशेष तौर पर तैयार किया गया है जो अभी क्यूबा के ग्वांतानामो बे बंदी शिविर में हैं.

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक गठबंधन सेना के प्रवक्ता शेल्डन स्मिथ ने कहा, "संकेत यही हैं कि हमलावर अफ़ग़ान नेशनल आर्मी का जवान था. अफ़ग़ान सेना हमारी सहयोगी है और इस घटना की जाँच में सहयोग कर रही है."

अफ़ग़ानिस्तान से तालेबान शासन ख़त्म होने के बाद अल क़ायदा और तालेबान के सैंकड़ों संदिग्ध चरमपंथियों को इसी जेल में रखा गया है.