रविवार, 06 मई, 2007 को 07:28 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान के फ़राह प्रांत में छह घंटों तक चले संघर्ष में आठ अफ़ग़ान पुलिसकर्मी और कम से कम चार तालेबान लड़ाके मारे गए हैं.
इस झड़प में दो पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि संघर्ष तब शुरू हुआ जब बाला बलुक इलाक़े में सुरक्षाकर्मियों पर घात लगा कर हमला किया गया.
फ़राह प्रांत के पुलिस प्रमुख जनरल सैयद आग़ा साक़िब ने 17 तालेबान लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया लेकिन सिर्फ़ चार के शव बरामद किए जा सके हैं.
पश्चिमी अफ़ग़ानिस्तान का इस इलाक़े में अब तक हिंसा की घटनाएँ कम हुई हैं.
जनरल साक़िब का कहना है कि मारे गए दो चरमपंथी पड़ोसी हेलमंद प्रांत से आए थे जहाँ नैटो सेना अपना अभियान चला रही है.
कुछ दिन पहले ही क़ाबुल में हथियारबंद लोगों ने गोली मारकर सीनेटर अब्दुल सबूर फ़रीद की हत्या कर दी थी. वे 15 वर्ष पहले कुछ समय के लिए देश के प्रधानमंत्री भी रहे थे.