शनिवार, 05 मई, 2007 को 07:29 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की नौसेना का कहना है कि उसने तमिल विद्रोहियों की दो नावों को समुद्र में डुबो दिया है और इसमें कम से कम 10 तमिल विद्रोही मारे गए हैं.
नौसेना के मुताबिक दोनों नाव 16 मालवाहक जहाज़ों के साथ तमिल विद्रोहियों के क़ब्ज़े वाले मुल्लाईतिवु इलाक़े से दक्षिण की ओर जा रही थीं.
तमिल विद्रोहियों ने श्रीलंकाई नौसेना के इस दावे पर कुछ भी नहीं कहा है और इस घटना की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है.
वर्ष 2002 में विद्रोहियों यानी एलटीटीई और श्रीलंका सरकार के बीच हुआ संघर्ष विराम समझौता लागू होने के बावजूद हिंसा में तेज़ी आई है.
पिछले 15 महीनों में सेना और एलटीटीई के बीच हुई झड़पों में चार हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.
घायल
सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर प्रसाद समरासिंघे ने कहा कि विद्रोहियों के बेड़े में दस बड़े और 12 छोटे जहाज़ थे. उनका कहना है कि इनके साथ-साथ चार आत्मघाती नाव भी आगे बढ़ रही थीं.
ब्रिगेडियर समरासिंघे ने बताया कि नौसेना की कार्रवाई में दो नौसैनिक भी घायल हुए हैं.
इस महीने के शुरू में नौसेना ने दावा किया था कि उसने मुल्लाईतिवु स्थित तमिल विद्रोहियों के नौसैनिक मुख्यालय को ध्वस्त कर दिया है.