शुक्रवार, 04 मई, 2007 को 05:30 GMT तक के समाचार
मोनिका चड्ढा
बीबीसी संवाददाता, मुंबई
आसमान में छोटा-सा दिखने वाला हवाई जहाज़ जब हक़ीकत में देखने को मिलता है तो पता चलता है कि उसका आकार कितना बड़ा है.
और फिर अगर ऐसा ही कोई विशालकाय हवाई जहाज़ आपके घर के सामने की सड़क पर आकर फंस जाए तो ज़रा सोचिए क्या होगा.
जी हां, मुंबई में ऐसा ही कुछ हुआ जब एक बोइंग विमान मुंबई से बाहर ले जाते वक्त सड़क पर ही फंस गया.
हालत यह है कि इस विमान के सड़क पर फंस जाने की वजह से यातायात रुका हुआ है और स्थानीय लोग परेशान हैं.
वहीं शहर के बाकी हिस्सों में रह रहे लोगों के लिए यह एक कौतुहल का विषय बना हुआ है और लोग सड़क पर फंसे इस विमान को देखने आ रहे हैं.
लावारिस विमान
हुआ यूँ कि इस्तेमाल से बाहर हो चुका एक एक बोइंग-737 विमान रविवार को मुंबई से बाहर ले जाया जा रहा था.
रात को इसे सड़क के रास्ते ले जाते वक्त ड्राइवर ने ग़लत दिशा में चलना शुरू कर दिया जहाँ आगे जाकर यह एक कम ऊँचे फ़्लाईओवर में फंस गया.
सुबह जब लोगों ने घरों से बाहर निकलकर देखा तो सामने खुली सड़क नहीं, सड़क पर फंसा हुआ यह विमान दिखाई दिया.
कभी सहारा एयरलाइंस के लिए इस्तेमाल होता रहा यह विमान अब बिना किसी सहारे के यहाँ से हटाया नहीं जा सकता है.
पर चिंता की बात यह है कि यह विमान लावारिस बना हुआ है. अभी तक न तो इसे ले जा रहे ड्राइवर का पता चल सका है और न ही विमान का मालिक सामने आया है.