सोमवार, 30 अप्रैल, 2007 को 23:08 GMT तक के समाचार
गुजरात में कथित फ़र्जी मुठभेड़ में मारे गए सोहराबुद्दीन की पत्नी की भी हत्या किए जाने के मामले पर सुप्रीम कोर्ट आज फ़ैसला सुनाएगा.
इस बीच गुजरात सरकार ने माना है कि कथित फ़र्जी मुठभेड़ में मारे गए सोहराबुद्दीन की पत्नी क़ौसर बी की हत्या हो चुकी है और उसके शव को जला दिया गया था.
गुजरात सरकार ने पिछले हफ़्ते क़ौसर बी की हत्या की आशंका जताई थी और सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा दायर कर इसकी पुष्टि कर दी.
क़ौसर बी की हत्या का खुलासा गुजरात सरकार के वकील केटीएस तुलसी और हेमंतिका वाही ने किया.
वकीलों ने इस प्रकरण में कार्रवाई रिपोर्ट भी बंद लिफाफे में न्यायाधीश तरुण चटर्जी की अध्यक्षता वाली खंडपीठ को सौंपी.
गुजरात सरकार ने अदालत से कहा कि क़ौसर बी के अवशेषों को ढूँढा जा रहा है.
सोहराबुद्दीन 26 नवंबर 2005 को गुजरात पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) और राजस्थान पुलिस के संयुक्त अभियान में मारे गए थे.
तब पुलिस ने कहा था उनके संबंध चरमपंथियों से थे. लेकिन बाद में गुजरात सरकार की जाँच में पुलिस के दावा गलत साबित हुआ और इसी माह तीन आईपीएस अधिकारियों को इस मामले में गिरफ़्तार कर लिया गया.