शनिवार, 28 अप्रैल, 2007 को 09:44 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के पेशावर हवाई अड्डे पर एक बम विस्फोट हुआ है हालांकि कोई भी हताहत नहीं हुआ है.
हवाईअड्डे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि धमाका स्थानीय समयानुसार करीब सात बजे वेटिंग रूम के कैंटीन में हुआ.
विस्फोट के चलते कैंटीन की दीवार को मामूली नुकसान पहुँचा है. बम निरोधक दस्ते ने बताया कि बम में बेहद कम मात्रा में विस्फोटक इस्तेमाल किए गए थे.
विस्फोट के समय हवाईअड्डे पर काफ़ी भीड़ थी और एक विमान पेशावर से कराची जाने वाला था.
हवाईअड्डे के अधिकारियों ने कहा है कि विस्फोट के चलते विमानों की उड़ानों पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि बम हवाई अड्डे में कैसे लाया गया.
पिछले साल 26 दिसंबर को पेशावर हवाईअड्डे के बाहर विस्फोट हुआ था जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो लोग घायल हुए थे.