http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 19 अप्रैल, 2007 को 12:45 GMT तक के समाचार

बाबू भाई कटारा पुलिस हिरासत में

पुलिस ने निलंबित भाजपा सांसद बाबूभाई कटारा को गिरफ़्तार कर अदालत मे पेश किया है और उन्हें दस दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.

बुधवार को बाबूभाई कटारा को अपनी पत्नी के पासपोर्ट पर किसी और को दिल्ली से कनाडा ले जाते वक्त दिल्ली में हिरासत में लिया गया था.

पुलिस ने सांसद के ख़िलाफ धोखाधड़ी और जालसाज़ी का मामला दर्ज़ किया है.

भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा है कि कटारा को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित करने के आदेश पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने दिए हैं.

लोकसभा में पार्टी के नेता विजय कुमार मल्होत्रा ने भी कहा कि पार्टी अध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार कटारा को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है.

एजेंसियों के मुताबिक सांसद की पत्नी का नाम शारदा बेन है पर जो महिला सांसद के साथ उनकी पत्नी के तौर पर यात्रा कर रही थीं, उनका नाम परमजीत है.

सांसद और यह महिला कुछ सुरक्षा घेरे पार भी कर चुके थे पर बाद में सुरक्षा अधिकारियों ने पाया कि सांसद के साथ यात्रा कर रही महिला दरअसल वो नहीं हैं जिनके नाम और तस्वीर वाले पासपोर्ट पर वो यात्रा कर रही हैं.

उधर कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस बारे में पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सांसद इस तरह के मामलों में पहले भी लिप्त पाए गए हैं.

उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में सख़्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि इस तरह के मामलों को रोका जा सके.

दाहोद गुजरात की अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित संसदीय सीट है.