मंगलवार, 17 अप्रैल, 2007 को 18:10 GMT तक के समाचार
सुबीर भौमिक
बीबीसी संवाददाता
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नगालैंड में नगा विद्रोहियों के दो परस्पर विरोधी गुटों के बीच हुई झड़प में कम से कम दस अलगाववादी मारे गए हैं.
पुलिस का कहना है कि नगा विद्रोहियों के बीच संघर्ष अभी भी चल रह है और इसमें कई नगा विद्रोही घायल भी हुए हैं.
पूर्वोत्तर में सक्रिय अलगाववादी संगठन नगालैंड सोशलिस्ट काउंसिल दो धरों में बँटा हुआ है. एक गुट आईजैक-मुईवा का है और दूसरा खपलांग गुट है.
दोनों गुटों ने वर्ष 1997 में भारत सरकार के साथ संघर्ष विराम समझौता किया था जो अब भी लागू है लेकिन रह-रह कर दोनों गुटों के बीच आपसी संघर्ष होता रहता है.
पिछले छह महीनों में दोनों गुटों के बीच हुई झड़पों में 20 से ज़्यादा अलगाववादी मारे जा चुके हैं.
इस आपसी लड़ाई से नगा समुदाय में भी गुस्सा है और कई बार नगाओं ने दोनों ही गुटों के सदस्यों को खदेड़ने का काम किया है.
आपसी झड़प के समय भारतीय सुरक्षा बल आम तौर पर मूकदर्शक की भूमिका में होते हैं. हस्तक्षेप तभी होता है जब हालात बेकाबू हो जाएँ.