मंगलवार, 17 अप्रैल, 2007 को 17:56 GMT तक के समाचार
अमरीका के सेनाध्यक्ष जनरल पीटर पेस ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सैनिकों को हाल में ईरान में बने हथियार मिले हैं.
सेनाध्यक्ष के मुताबिक इन हथियारों का इस्तेमाल तालेबान चरमपंथी करने वाले थे.
जनरल पीटर पेस ने कहा कि ये स्पष्ट नहीं है कि इसके लिए ईरानी सरकार सीधे तौर पर ज़िम्मेदार है या नहीं.
अमरीका ईरान पर बार-बार आरोप लगाता रहा है कि वो इराक़ में चरमपंथियों को हथियार और प्रशिक्षण देता है.
संवाददाताओं का कहना है कि जनरल पेस के बयान से ये संकेत मिलता है कि ईरान अपना प्रभाव अफ़ग़ानिस्तान में भी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है.
विस्फोट
इस बीच अफ़ग़ान पुलिस ने कहा है कि कंधार शहर में हुए एक बम हमले के चलते संयुक्त राष्ट्र के वाहन में विस्फोट हो गया. इसमें पाँच लोग मारे गए.
माना जा रहा है कि मारे गए लोगों में से चार संयुक्त राष्ट्र के लिए काम कर रहे नेपाली नागरिक थे और पाँचवा अफ़ग़ान ड्राइवर था. किसी ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि कंधार में उनका एक वाहन बम विस्फोट की चपेट में आया है. पिछले कुछ समय से कंधार पर तालेबान के हमले बढ़े हैं.
उधर एक अन्य घटना में एक स्कूल में हुए विस्फोट में कम से कम चार बच्चे
मारे गए और पाँच घायल हो गए.
माना जा रहा है कि ये विस्फोट स्कूल के मैदान में दबाए गए पुराने विस्फोटकों से हुआ.