सोमवार, 16 अप्रैल, 2007 को 06:23 GMT तक के समाचार
स्थानीय समाचार माध्यमों का कहना है कि सुरक्षाबलों ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के दूसरे बेटे अराफ़ात रहमान को गिरफ़्तार कर लिया है.
सेना ने ख़ालिदा ज़िया के राजधानी ढाका स्थित घर से अराफ़ात रहमान को गिरफ़्तार किया.
पिछले महीने ख़ालिदा ज़िया के बड़े बेटे तारीक़ रहमान को गिरफ़्तार कर लिया गया था.
तारीक़ रहमान बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता भी हैं.
इस समय बांग्लादेश में आपातकाल लागू है और इस दौरान भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत 160 से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है.
अभियान
ग़ौरतलब है कि बांग्लादेश में अंतरिम सरकार ने चुनावों से पहले भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान छेड़ा हुआ है.
इस अभियान के तहत अब तक 30 पूर्व मंत्रियों, राजनीतिक सलाहकारों, व्यापारियों और नौकरशाहों को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया गया है और उनके खाते सील कर दिए गए हैं.
वहाँ 22 जनवरी को मतदान होना था लेकिन भारी हिंसा और धाँधली के आरोपों के बाद उसे स्थगित कर दिया गया.
बांग्लादेश में 11 जनवरी को आपातकाल घोषित किया गया था और उसके बाद हुई हिंसक घटनाओं में कई लोगों की मौत हो चुकी है.