शनिवार, 14 अप्रैल, 2007 को 12:03 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में पुलिस का कहना है कि देश के पूर्वी भाग में एक आत्मघाती हमलावर ने धमाका किया है और कई पुलिसकर्मी मारे गए हैं.
उधर कनाडा के सीबीसी चैनल का कहना है कि उसे उन दो फ़्रांसीसी राहतकर्मियों का वीडियो मिला है जिनका अफ़ग़ानिस्तान में ग्यारह दिन पहले अपहरण हुआ था.
पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में हुए आत्मघाती धमाके में आठ पुलिस अधिकारी मारे गए हैं.
ख़ोस्त प्रांत की सीमावर्ती पुलिस के मुख्यालय के मुख्य द्वार के बाहर धमाका हुआ. ये पाकिस्तान के साथ सटी सीमा के क़रीब है.
हाल में अफ़ग़ानिस्तान की सरकार के ख़िलाफ़ तालेबान लड़ाकों के आत्मघाती हमले बढ़ रहे हैं.
शिराक़ का करज़ई को फ़ोन
दूसरी ओर सीबीसी ने अपनी वेबसाइट पर वीडियो से बनाए गए कुछ चित्र दिखाए हैं.
सीबीसी के अनुसार वीडियो में फ़्रासीसियों के तीन अफ़ग़ान अपहरणकर्ता भी दिखते हैं.
वीडियो के अनुसार फ़्रांसीसियों की आँखों पर पट्टी बंधी हुई है और वे ज़ंजीरों में दिखाए गए हैं जबकि अपहरणकर्ता हथियारों से लैस हैं.
शुक्रवार को फ़्रांस के राष्ट्रपति ज्याक़ शिराक़ ने अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई से फ़ोन पर बातचीत की और उन्हें फ़्रासीसियों को रिहा करवाने में मदद करने का अनुरोध किया.
ग़ौरतलब है कि राष्ट्रपति हामिद करज़ई के पिछले महीने तालेबान के साथ समझौता कर अगवा किए गए एक इतालवी पत्रकार की रिहाई सुनिश्चित करने की कड़ी आलोचना हुई थी. उन्होंने तब कहा था कि वे दोबारा ऐसा नहीं करेंगे.