http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 13 अप्रैल, 2007 को 07:34 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के बाहर प्रदर्शन

पाकिस्तान में मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद इफ़्तिख़ार चौधरी के निलंबन के मामले की सुनवाई के दौरान इस्लामाबाद में सुप्रीम कोर्ट के बाहर सैकड़ों वकीलों और विपक्षी दलों के समर्थकों ने विशाल प्रदर्शन किया है.

बीबीसी संवाददाता के अनुसार इस्लामाबाद में इस मुद्दे पर ये अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन है और विपक्षी दलों के समर्थक काफ़ी बड़ी संख्या में मौजूद हैं.

पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिखार चौधरी को नौ मार्च को राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने निलंबित कर दिया था. उस समय उन पर आरोप लगा था कि वे अपने पद का दुरुपयोग कर रहे थे.

पाकिस्तान की सर्वोच्च न्यायिक परिषद चौधरी के ख़िलाफ़ लगे पद के दुरुपयोग के आरोपों की जाँच कर रही है.

शुक्रवार को प्रदर्शनकारी पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के इस्तीफ़े की माँग कर रहे थे. वे ये भी माँग कर रहे थे कि मोहम्मद इफ़्तिख़ार चौधरी को उनके पद पर बहाल किया जाए.

चौधरी को 17 मार्च को लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया था.

नौ मार्च के बाद से पाकिस्तान में इस मुद्दे पर लगातार प्रदर्शन होते रहे हैं और कई बार तो प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज भी हुआ है. हालाँकि शुक्रवार को हो रहे प्रदर्शनों में फ़िलाहाल किसी तरह की हिंसा की ख़बर नहीं मिली है.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इन प्रदर्शनों के कारण राष्ट्रपति मुशर्रफ़ के लिए राष्ट्रपति पद के साथ-साथ सेनाध्यक्ष के पद पर बना रहना मुश्किल हो सकता है.