http://www.bbcchindi.com

सीडी मामले में भाजपा नेता गिरफ़्तारी देंगे

विवादित सीडी मामले में भाजपा नेताओं के ख़िलाफ़ रिपोर्ट दर्ज करवाए जाने के विरोध में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह और लालजी टंडन सोमवार को गिरफ़्तारी देंगे.

इस अवसर पर लखनऊ में भाजपा की ओर से एक सभा का आयोजन भी किया गया है जिसमें लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, वैंकया नायडु और सुषमा स्वराज जैसे कई नेता शामिल होंगे.

पिछले दिनों चुनाव प्रचार में इस्तेमाल की जा रही एक सीडी को लेकर भाजपा के कई नेता विवादों के घेरे में आ गए थे.

इस सीडी में कई ऐसी बातों की ज़िक्र होने की बात कही जा रही है जो सांप्रदायिकता भड़काने वाली हैं. इसमें कई ऐसी बातें कही गई थीं जो मुस्लिम समुदाय के ख़िलाफ़ भड़काने वाली थीं.

सीडी में गोधरा, गोहत्या जैसी बातें दिखाई गई हैं जो काफी गंभीर हैं.

इस सीडी को भाजपा के वरिष्ठ लालजी टंडन और अन्य कई नेताओं ने जारी किया था और इसीलिए अब भाजपा के कई नेता इसके कारणों विवादों में घिर गए हैं.

पिछले दिनों चुनाव आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया. भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह और नेता लालजी टंडन के ख़िलाफ़ एक एफ़आईआर भी लखनऊ में दर्ज करा दी गई है.

विरोध

इसी एफ़आईआर के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को लखनऊ में एक सभा का आयोजन किया गया है.

सभा के बाद भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और लालजी टंडन लखनऊ के हजरतगंज थाने जाकर विरोध स्वरूप गिरफ़्तारी देंगे.

इस मसले पर बीबीसी संवाददाता से बातचीत में लालजी टंडन ने कहा, "चुनाव आयोग नेताओं को नोटिस जारी करता रहा है. पहले सोनिया गांधी और मुलायम सिंह यादव को भी नोटिस जारी किया जा चुका है पर हमें न तो नोटिस दिया न जवाब मांगा और एफ़आईआर दर्ज करा दी गई."

भाजपा ने अपने इस विरोध को दर्ज कराने के लिए नौ अप्रैल को जनाक्रोश दिवस घोषित किया है.

हालांकि राज्य पुलिस का कहना है कि इस बारे में भाजपा नेताओं के ख़िलाफ़ न तो कोई वारंट जारी किया गया है और न ही उन्हें गिरफ़्तार करने की कोई योजना है.