http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 07 अप्रैल, 2007 को 07:51 GMT तक के समाचार

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, इटावा

चुनाव आयोग पर बरसे मुलायम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव ने चुनाव आयोग के तौर तरीकों पर नाराज़गी जताते हुए आरोप लगाया है कि वो समानांतर सरकार चला रहा है.

अपने पैतृक गाँव सैफ़ई में मतदान करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए वो आयोग पर जम कर बरसे.

पहले चरण में मतदान की गति धीमी

उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग शिवपाल सिंह यादव को हराने के लिए बेईमानी पर उतर आया है. लेकिन ऐसा होगा नहीं."

शिवपाल सिंह यादव मुख्यमंत्री के भाई हैं और जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं.

मुलायम ने चुनाव आयोग के उस निर्देश की भी आलोचना की जिसमें कहा गया है कि जो व्यक्ति किसी कारण से खुद वोट नहीं डाल सकता उसकी ओर से चुनाव अधिकारी वोट डालेंगे.

उनका कहना था कि ये क़ानून का उल्लंघन है और किसी चुनाव अधिकारी को मतदाता के बदले वोट डालने की इज़ाजत नहीं दी जा सकती.

मुलायम सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा, "आयोग संविधान का अतिक्रमण कर रहा है और समानांतर सरकार चला रहा है."

मुलायम ने कहा कि चुनाव आयोग के सख़्त तौर तरीकों के कारण मतदान पर असर पड़ा है.

मुलायम सिंह ने दावा किया कि इसके बावजूद उनकी पार्टी को पहले चरण की 62 सीटों में से 45 सीटों पर जीत हासिल होगी.