शनिवार, 07 अप्रैल, 2007 को 07:20 GMT तक के समाचार
झारखंड के बरमो इलाक़े में शुक्रवार की रात माओवादी चरमपंथियों के हमले में दो पुलिसकर्मियों समेत छह लोग मारे गए हैं.
पुलिस निदेशक ( आपरेशन) डी के पांडे के अनुसार तकरीबन 300 माओवादियों ने बरमो इलाक़े में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक शिविर पर हमला किया जिसमें दो पुलिसकर्मियों और चार अन्य की मौत हो गई और क़रीब आधा दर्ज़न लोग घायल हैं.
अधिकारियों के अनुसार चरमपंथियों ने पुलिस की आवाजाही रोकने के लिए पहले एक रेलवे पुल उड़ाया. रेलवे पुल उड़ाने के लिए किए गए धमाकों में तीन ट्रक भी नष्ट हो गए.
माओवादियों के हमले के बाद पुलिस और माओवादियों के बीच क़रीब पांच घंटे मुठभेड़ चली और सुबह होते ही माओवादी जंगलों की तरफ भाग गए.
झारखंड के गृह सचिव सुधीर त्रिपाठी ने एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से कहा है कि हमले में कई महिला माओवादी भी शामिल थे जिनके पास अत्याधुनिक हथियार थे.
माओवादियों ने पुलिस बल से हथियार लूटने में भी सफल रहे.
घायल पुलिसकर्मियों को बोकारो अस्पताल में भर्ती किया गया है.
ऐसा पहली बार है जब माओवादियों ने अपने हमले में ट्रक ड्राईवरों और आम नागरिकों को निशाना बनाया है.
गृह सचिव के अनुसार इलाक़े में गहन तलाशी अभियान छेड़ दिया गया है.