http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 07 अप्रैल, 2007 को 02:01 GMT तक के समाचार

तालेबान लड़ाके सरकारी दफ़्तरों में घुसे

तालेबान लड़ाकों ने अफ़ग़ानिस्तान के ज़ाबुल प्रांत में कुछ सरकारी कार्यालयों पर क़ब्ज़ा जमा लिया है. पुलिस के पास उनसे निपटने के साधन नहीं हैं.

एक स्थानीय प्रवक्ता ने बताया कि ख़ान अफ़ग़ान ज़िले में पुलिस को पीछे हटना पड़ा क्योंकि उनके पास पार्याप्त हथियार नहीं थे.

इस बीच हेलमंद प्रांत में उत्तरी एटलांटिक संधि संगठन (नैटो) और अफ़ग़ान सेना ने सांगीन शहर को चरमपंथियों से मुक्त करा लिया है.

शुक्रवार को काबुल में संसद भवन के निकट हुए आत्मघाती कार बम हमले में छह लोग मारे गए थे.

गंभीर क्षति

हेलमंद के गवर्नर ने बीबीसी को बताया कि तालेबान लड़ाके सांगीन छोड़ कर चले गए हैं.

हेलमंद में ब्रिटेन की सेना के कमांडर ब्रिगेडियर जेरी थॉमस का कहना है, "इस अभियान का लक्ष्य सांगीन इलाक़े में अफ़ग़ानिस्तान की सरकार का नियंत्रण दोबारा स्थापित करना था."

उनका कहना है कि पिछले दो दिनों से जारी अभियान अभी आगे भी जारी रहेगा.

ताज़ा अभियान में तालेबान को खदेड़ने के लिए चिनूक, ब्लैक हॉक और अपाचे हेलिकॉप्टरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.