http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 06 अप्रैल, 2007 को 21:15 GMT तक के समाचार

मौलवी ने आत्मघाती हमले की धमकी दी

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक कट्टरपंथी मस्जिद के मुख्य मौलवी ने सरकार के ख़िलाफ़ आत्मघाती बम हमले की धमकी दी है.

मौलाना अब्दुल अज़ीज़ ने शुक्रवार की नमाज़ के बाद अपने हज़ारों समर्थकों के सामने यह धमकी दी है.

सरकार पर उस मस्जिद से जुड़े दो मदरसों के छात्रों की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने का दबाव है.

मौलाना अज़ीज़ ने कहा, "हमारा आख़िरी हथियार होगा आत्मघाती बम हमला."

उन्होंने सरकार से माँग की है वह एक महीने के भीतर इस्लामाबाद की वीडियो दूकानों और वेश्यालयों को बंद करे.

मौलाना अज़ीज़ के समर्थकों की तालेबान जैसी गतिविधियों को लेकर मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के बीच नाराज़गी है.

धमकी

पिछले हफ़्ते मौलाना अज़ीज़ के लाल मस्जिद से जुड़े एक मदरसे की छात्राओं ने एक महिला को यह आरोप लगाते हुए अगवा कर लिया था कि वह वेश्यालय चलाती है. उस महिला को दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया था.

कुछ छात्रों ने बच्चों की एक लाइब्रेरी पर हथियार के दम पर कब्ज़ा कर रखा है.

सरकार का कहना है कि उसे शांतिपूर्ण हल की उम्मीद है.

मौलाना अज़ीज़ ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, "यदि सरकार हमारे ख़िलाफ़ कार्रवाई की शुरुआत करती है तो हमारा आख़िरी हथियार होगा आत्मघाती बम हमला."

समाचार एजेंसी एपी के अनुसार उन्होंने अपने समर्थकों से पूछा, "हमारा रास्ता क्या होगा?"

और उनके समर्थकों ने नारे लगाए, "जेहाद-जेहाद"

उन्होंने कहा, "यदि सरकार एक महीने के भीतर वीडियो दूकानों को बंद नहीं करती है तो हम कार्रवाई शुरु करेंगे."

इसके बाद मस्जिद के बाहर उनके समर्थकों ने वीडियो और सीडी के एक ढेर को आग के हवाले कर दिया.

मौलाना अज़ीज़ ने कहा कि उन्होंने मस्जिद में दस मौलवियों की एक शरिया अदालत का भी गठन किया है.

इससे पहले सैकड़ों मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने मस्जिद से जुड़े दो मदरसों के ख़िलाफ़ कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन किया. इनमें से एक मदरसा लड़कियों के लिए है और एक लड़कों के लिए.

उनका आरोप था कि इन मदरसों के छात्र इस्लाम के नाम पर पाकिस्तानी नागरिकों को डरा-धमका रहे हैं.