शुक्रवार, 06 अप्रैल, 2007 को 04:54 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में हुए कार बम विस्फोट में कम से कम चार लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं.
हमला काबुल स्थित अफ़ग़ानिस्तान की संसद के निकट हुआ. पुलिस का कहना है कि आत्मघाती कार हमलावर पर पुलिस को संदेह हुआ.
मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही पुलिसकर्मियों ने उसके पास पहुँचने की कोशिश की कार में ज़बर्दस्त धमाका हुआ.
पिछले हफ़्ते काबुल के मुख्य बाज़ार में हुए धमाके में चार लोग मारे गए थे. पिछले कुछ हफ़्तों से अफ़ग़ानिस्तान में चरमपंथियों के हमलों में तेज़ी आई है.
काबुल के पुलिस प्रमुख एस्मतुल्ला दौलतज़ई ने बताया, "इस हमले में हमलावर को पहचान लेने वाले एक पुलिस अधिकारी समेत चार लोग मारे गए."
समाचार एजेंसी एपी ने एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से ख़बर दी है कि कार में विस्फोट के बाद आग की लपटें उठती देखी गई.
विस्फोट इतना ज़बर्दस्त था कि आस-पास के घरों के शीशे टूट गए. इस साल काबुल में हुआ यह चौथा आत्मघाती हमला है.