गुरुवार, 05 अप्रैल, 2007 को 09:05 GMT तक के समाचार
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है.
न्यायालय ने पंजाब सरकार से 30 जुलाई तक इस मामले में अपना पक्ष रखने को कहा है.
हाल में पंजाब में निगरानी विभाग ने लुधियाना सिटी सेंटर की एक परियोजना के संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था.
उधर अमरिंदर सिंह ने इसे राजनीति से प्रेरित मामला बताया था और उस समय चुनौती दी थी कि यदि उनके ख़िलाफ़ आरोप लगाए गए हैं तो राज्य सरकार उन्हें गिरफ़्तार करे.
पंजाब में हाल ही में सत्ता में आई अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार ने इस मामले में लुधियाना विकास ट्रस्ट के ठेके पर काम कर रही कंपनी के दो अधिकारियों को भी गिरफ़्तार किया था.
पूर्व स्थानीय निकाय मंत्री चौधरी जगजीत सिंह और लुधियाना विकास ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन परमजीत सिंह पर भी भ्रष्टाचार का मामला चलाया जा रहा है.
अमरिंदर सिंह फ़िलहाल लंदन में हैं और उन्होंने बुधवार को अग्रिम ज़मानत के लिए न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाया था ताकि भारत आने पर उन्हें हवाई अड्डे पर गिरफ़्तार न किया जाए.
उधर समाचार एजेंसियों के अनुसार पंजाब के पूर्व पुलिस प्रमुख एसएस विर्क को निलंबित कर दिया है.
उन पर सेवा नियमों का उल्लंघन कर ज़मीन ख़रीदने का आरोप है.