http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 03 अप्रैल, 2007 को 06:55 GMT तक के समाचार

अफ़ग़ानिस्तान में भूंकप के बड़े झटके

मंगलवार की सुबह अफ़ग़ानिस्तान के कई इलाक़ों को भूकंप ने हिलाकर रख दिया. इस भूकंप के झटके पाकिस्तान और भारत में भी महसूस किए गए.

अमरीकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और पाकिस्तान के मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार भूकंप का केंद्र क़ाबुल से 260 किलोमीटर दूर था जहाँ इस भूकंप की क्षमता रिक्टर पैमाने पर 6.2 थी.

पाकिस्तान के पंजाब में लाहौर, इस्लामाबाद, मुल्तान और सूबा सरहद के पेशावर शहरों के साथ-साथ अफ़ग़ानिस्तान में हिंदुकुश के पहाड़ों में भूकंप के झटके महसूस किए गए.

भूकंप के दौरान क़ाबुल, जलालाबाद और भारत और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में लोग अपने-अपने घरों से बाहर आ गए.

भूकंप के झटके भारत की राजधानी दिल्ली में भी महसूस किए गए.

नुकसान

पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के इन इलाक़ों में आए भूकंप में अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की कोई बड़ी ख़बर नहीं सामने आई है.

अफ़ग़ानिस्तान के बदकशान प्रांत के डिप्टी गवर्नर शमसुर रहमान ने बताया कि राजधानी फ़ैज़ाबाद और उसके आसपास के शहरों में प्रशासन जानमाल के नुकसान का पता लगाने की कोशिश कर रहा है.

इस प्रांत की तकनीकी सहयोग और विकास एजेंसी में अधिकारी मोहम्मद वैस ने बताया, "ये भूकंप एक मिनट से भी अधिक समय तक रहा. अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की ख़बर नहीं है."

अफ़ग़ानिस्तान के इन इलाक़ों में पहुँचना वैसे ही बहुत कठिन है और पिछले दिनों हुई बारिश और बर्फ़ गिरने की घटना से कई पर्वतीय सड़कें भूस्खलन की वजह से यात्रा करने लायक नहीं रह गई हैं.

बदकशान प्रांत में 1990 के दशक के अंतिम वर्षों में आए दो भूकंपों में हज़ारों लोग मारे गए थे.