सोमवार, 02 अप्रैल, 2007 को 09:22 GMT तक के समाचार
अधिकारियों का कहना है कि पूर्वी श्रीलंका के अम्पारा में एक बस में हुए विस्फोट में कम से कम 16 लोग मारे गए हैं.
श्रीलंका सरकार ने इस हमले के लिए तमिल विद्रोहियों यानी एलटीटीई को ज़िम्मेदार ठहराया है.
हालाँकि तमिल विद्रोहियों ने इस घटना में हाथ होने से इनकार किया है.
रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह बस अम्पारा से बादुल्ला जा रही थी. मंत्रालय के मुताबिक सोमवार दोपहर अचानक बस में विस्फोट हुआ.
अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक तीन लोगों की मौत पहले ही हो चुकी थी और 13 लोगों ने इलाज़ के दौरान दम तोड़ दिया. मारे गए लोगों में तीन बच्चे और 11 महिलाएँ शामिल हैं.
इससे पहले पिछले हफ़्ते के अंत में सुनामी से हुई तबाही के बाद शुरू हुए पुनर्निमाण कार्यों में लगे छह मजदूरों की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी.
सरकार ने इस घटना के पीछे भी एलटीटीई का हाथ बताया था.
पिछले कुछ महीनों से उत्तरी और पूर्वी श्रीलंका में हिंसा तेज़ हुई है. हज़ारों लोग अपनी जान बचाने के लिए अपने घरों से दूर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं.
एलटीटीई और सेना के बीच वर्ष 2002 में हुआ संघर्षविराम समझौता लागू है लेकिन इसके बावजूद पिछले साल से ही दोनों पक्षों के बीच झड़पें तेज़ हुई हैं.