http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 28 मार्च, 2007 को 12:02 GMT तक के समाचार

तालेबान की शैली की एक मुहिम

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक मदरसे की कई छात्राओं ने एक वेश्यालय में घुस कर वहाँ की प्रबंधक को अगवा कर लिया है.

जामिया हफ़्सा मदरसे की यह छात्राएँ इस वेश्यालय को बंद किए जाने की मांग कर रही थीं.

उनका कहना है कि उन्हें इस्लामी क़ानून के तहत अनैतिक गतिविधियों को बंद कराने का अधिकार है.

इस्लामाबाद में बीबीसी संवाददाता नवदीप धारीवाल का कहना है कि इस तरह की तालेबान की शैली की कोई कार्रवाई इस्लामाबाद में पहली बार हुई है.

हालाँकि पाकिस्तान के अन्य शहरों में ऐसी कार्रवाइयाँ की जा चुकी हैं.

छात्राओं की मांग पर जब प्रबंधक ने वेश्यालय बंद करने से इनकार कर दिया तो यह छात्राएँ जबरन उन्हें अपने मदरसे ले गईं जहाँ उन्हें उनकी मर्ज़ी के ख़िलाफ़ रोके रखा गया है.

पुलिस ने इस मामले में कोई हस्तक्षेप नहीं किया है.

इन छात्राओं की एक मांग यह भी है कि वीडियो की दुकानों के मालिक अपनी दुकानें बंद करें.

हमारी संवाददाता का कहना है कि ऐसा लगता है कि प्रशासन या तो या बेबस है या इस मामले में कोई कार्रवाई करने से हिचक रहा है.

पाकिस्तान के क़बायली क्षेत्रों और सीमांत इलाक़ों में इस तरह की गतिविधियाँ देखी गई हैं जब धार्मिक गुटों ने स्थानीय लोगों पर मज़हबी क़ानून लागू करने के प्रयास किए हैं.