http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 27 मार्च, 2007 को 03:20 GMT तक के समाचार

श्रीलंका में आत्मघाती हमला, छह मरे

श्रीलंका में तमिल विद्रोहियों ने मंगलवार को एक आत्मघाती हमला किया है जिसमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है.

मृतकों में दो सैनिक और चार आम नागरिक शामिल हैं. हमले में नौ लोग घायल हो गए हैं.

तमिल विद्रोहियों ने अपने इस ताज़ा हमले में बट्टिकलोवा ज़िले के एक सैनिक शिविर को निशाना बनाया.

जानकारी के मुताबिक आत्मघाती हमलावर ने श्रीलंका के पूर्वी ज़िले बट्टिकलोवा के एक सैनिक शिविर में विस्फोटकों से लदे ट्रैक्टर और ट्रेलर लेकर घुसने की कोशिश की.

इस दौरान वहाँ मौजूद श्रीलंकाई सैनिकों ने हमलावर को रोकने के लिए उसके वाहन पर गोलियाँ भी चलाईं.

हवाई हमला

इस हमले से ठीक पहले सोमवार को तमिल विद्रोहियों ने श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के मुख्य हवाई अड्डे पर हवाई हमला किया था.

तमिल विद्रोहियों की ओर से यह पहला हवाई हमला था जिसमें एक हल्के विमान से हवाई अड्डा परिसर में ही स्थित सैनिक ठिकाने पर बम गिराए गए.

इस हमले में तीन वायु सैनिक मारे गए थे और 17 अन्य घायल हो गए थे.

इस हवाई हमले से जहाँ एक ओर श्रीलंका सरकार की चिंताएँ बढ़ गई हैं वहीं दक्षिण भारत की सुरक्षा के लिहाज से भारत ने भी इसे गंभीरता से लिया है.