सोमवार, 26 मार्च, 2007 को 11:40 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के उत्तरपूर्वी कस्बे टांक के एक स्कूल में चरमपंथियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में एक पुलिस अधिकारी और एक चरमपंथी की मौत हो गई है.
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कुछ संदिग्ध चरमपंथी टांक कस्बे में ऑक्सफ़र्ड पब्लिक स्कूल में घुसने की कोशिश रहे थे और पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की.
पुलिस अधीक्षक मुमताज़ ज़रीन ने बीबीसी को बताया," स्थानीय चरमपंथी नेता एहसान बरक़ी स्कूल में गए और कहा कि वे छात्रों को जेहाद के बारे में बताना चाहते हैं."
वहाँ तैनात पुलिसकर्मी मुमताज़ ज़रीन को पकड़ना चाहते थे लेकिन उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हथगोल फेंक दिया.
इसके बाद हुई गोलीबारी में इंस्पेक्टर हसन खान और चरमपंथी नेता की मौत हो गई.
पुलिस का कहना है कि नाराज़ चरमपंथियों ने बाद में एक पुलिस वैन पर हमला किया जिसमें पास से गुज़र रहे पाँच लोग घायल हो गए.
पुलिस का कहना है कि ये संदिग्ध चरमपंथी स्थानीय लड़कों को चरमंथी गतिविधियों में शामिल करने का काम करते थे.
इस इलाक़े में तालेबान समर्थक माने जाने वाले चरमपंथियों ने कई बार पुलिस पर हमले किए हैं.
टांक दक्षिणी वज़ीरिस्तान कबायली इलाक़े से सटा हुआ है और अफ़ग़ान सीमा से लगभग 300 किलोमीटर दूर है.