सोमवार, 26 मार्च, 2007 को 06:18 GMT तक के समाचार
विधानसभा चुनावों से पहले सुरक्षा स्थिति का जायज़ा लेने के लिए चुनाव आयोग की तीन सदस्यीय टीम उत्तर प्रदेश का दौरा कर रही है.
पहले चरण के मतदान से पहले चुनाव आयोग की टीम आज कानपुर जाएगी और बुधवार को आगरा का दौरा करेगी.
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनावों की घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए कई क़दम उठाए हैं.
इन क़दमों के तहत जहां राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया गया है वहीं बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों की तैनाती का भी निर्णय लिया गय है.
चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त एन गोपालस्वामी की अध्यक्षता में आयोग के दोनों अन्य सदस्य नवीन चावला और एस वाई कुरैशी इस दौरे में शामिल होंगे.
इस दौरे में चुनाव आयोग वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चुनाव तैयारियों की समीक्षा करेगा.
पहले चरण में 62 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है.
सूत्रों के अनुसार राज्य में निष्पक्ष चुनावों के लिए 67000 केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को भेजा जा रहा है और विभिन्न चरणों में सैनिकों की तैनाती होगी.
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के हर दौर के मतदान के लिए विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त करने का फ़ैसला किया है यानि सात दौर के लिए सात पर्यवेक्षक होंगे.
इससे पहले बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान पूरे राज्य के लिए एक विशेष पर्यवेक्षक को तैनात किया गया था.
उत्तर प्रदेश में पहले दौर के निरीक्षण का काम जहां रेमंड पीटर के ज़िम्मे है वहीं दूसरे दौर की ज़िम्मेदारी एन शिवसेलम, तीसरे दौर के लिए सुधीर राकेश और चौथे दौर के लिए सत्यमूर्ति को ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.