रविवार, 25 मार्च, 2007 को 18:15 GMT तक के समाचार
भारत के नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ और उड़ीसा राज्य में सक्रिय माओवादी विद्रोहियों के दो वरिष्ठ नेताओं ने आंध्र प्रदेश में आत्मसमर्पण कर दिया है.
इनमें से एक दुर्गम रामानैया भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के कार्यकर्ताओं को हथियारों का प्रशिक्षण देते थे.
पुलिस का कहना है कि रामानैया का आत्मसमर्पण महत्वपूर्ण है क्योंकि वो माओवादियों के मुख्य प्रशिक्षक थे और जगह-जगह पर प्रशिक्षण शिविर लगाने की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे.
रामानैया ने अपनी पत्नी के साथ आत्मसमर्पण किया है. वे आंध्र प्रदेश में भी काम कर चुके हैं. इसके बाद वो छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाक़े में चले गए थे.
छत्तीसगढ़ में माओवादी काफ़ी सक्रिय हैं. इस महीने के शुरू में छत्तीसगढ़ में हुए माओवादी हमले में 55 पुलिसकर्मी मारे गए थे.
रामानैया की पत्नी बेल्लमकोंडा सारक्का भी कमांडर थीं और विद्रोहियों के थिएटर ग्रुप में काम कर रही थीं.
एक अन्य माओवादी नेता 55 वर्षीय संबैया ने कहा कि उन्होंने बढ़ती उम्र और ख़राब तबीयत के कारण आत्मसमर्पण करने का फ़ैसला किया.