रविवार, 25 मार्च, 2007 को 10:29 GMT तक के समाचार
भारत के रक्षा मंत्रालय के अधिकारी के अनुसार रविवार को हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल 'अस्त्र' का सफल परीक्षण किया गया है.
हवा से हवा में मार करने वाली यह मिसाइल कम दूरी पर हमला करने में सक्षम होगी.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक यह मिसाइल क़रीब 20 से 80 किलोमीटर की दूरी तक के लक्ष्य को मार सकेगी.
मिसाइल का परीक्षण उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर से क़रीब 200 किलोमीटर दूर स्थित चांदीपुर में किया गया. इस मिसाइल को भारत में ही विकसित किया गया है.
जानकारी के मुताबिक इस मिसाइल का प्रयोग भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों से होने वाले हमलों में किया जाएगा.
एजेंसियों के मुताबिक इस श्रेणी की मिसाइलें कम देशों के पास ही हैं.
परीक्षणों की होड़
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान और भारत की ओर से पिछले कुछ वर्षों के दौरान एक के बाद एक मिसाइलों का परीक्षण किया जाता रहा है.
इसी वर्ष फ़रवरी में भारत ने ब्रह्मोस मिसाइल का परीक्षण किया था जिसके बाद पाकिस्तान ने एक लंबी दूरी की मिसाइल शाहीन-2 का परीक्षण किया था.
शाहीन-2 मिसाइल 2000 किलोमीटर तक मार करने की क्षमता रखती है.
इसी महीने की शुरुआत में पाकिस्तान ने एक और मिसाइल का परीक्षण किया था और अब भारत ने इस ताज़ा परीक्षण के बाद एक और मिसाइल तैयार करने में सफलता पा ली है.