बुधवार, 21 मार्च, 2007 को 08:04 GMT तक के समाचार
श्रीलंका के पूर्वी हिस्से में सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच हुए संघर्ष में कम से कम 11 लोग मारे गए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि बट्टिकलोआ में विद्रोहियों के हमले के बाद संघर्ष शुरु हुआ. मारे जाने वालों में तीन सैनिक और आठ तमिल विद्रोही हैं.
इस संघर्ष में कई घायल हुए हैं जिनमें कुछ आम नागरिक भी हैं.
विश्लेषकों का कहना है कि पूरा श्रीलंका एक बार फिर गृहयुद्ध की चपेट में जाता दिख रहा है. सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच हुआ शांति समझौता अब नाममात्र को बचा है.
पाँच साल पहले यह शांति समझौता हुआ था. लेकिन 2005 में फिर संघर्ष शुरु हो गया और तब से अब तक चार हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.
सेना के अधिकारियों के अनुसार बट्टिकलोआ में सेना के एक कैंप में विद्रोहियों के हमले के बाद संघर्ष शुरु हुआ.
इस संघर्ष पर अब तक विद्रोहियों की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई है.
श्रीलंका के पूर्वी हिस्से में अभी भी कई इलाक़े तमिल विद्रोहियों के कब्ज़े में है और सेना लगातार प्रयास कर रही है कि वह वहाँ पहुँच सके.
लगातार चल रहे संघर्ष की वजह से अकेले बट्टिकलोआ ज़िले से कोई 40 हज़ार लोग पलायन कर चुके हैं.