मंगलवार, 20 मार्च, 2007 को 14:15 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों के अनुसार वहाँ उज़्बेकिस्तान के अल क़ायदा चरमपंथियों और स्थानीय क़बायलियों के बीच हुई लड़ाई में लगभग 30 लोग मारे गए हैं.
सेना के अधिकारियों का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से सटे दक्षिणी वज़ीरिस्तान के पास वाना शहर में सोमवार से ही दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी चल रही थी.
लेकिन बीबीसी को मिली जानकारी के अनुसार दो बच्चों समेत केवल सात लोगों के मारे जाने की ही पुष्टि हुई है.
अधिकारियों का दावा है कि उज़्बेक, चेचेन और अरब चरमपंथी इस इलाक़े में छिपे हैं और उनका इस महीने के पहले सप्ताह में भी स्थानीय क़बायलियों से संघर्ष हुआ था.
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल वहीद अरशद के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ रही है और अब तक मिली जानकारी के अनुसार ये 30 के क़रीब है.
उनके अनुसार मृतकों में 15 से 20 विदेश चरमपंथी हैं, जिनमें से ज़्यादातर उज़्बेक हैं. वहीद अरशद के अनुसार 30 लोग घायल भी हुए हैं.
दोनों गुटों के बीच संघर्ष कैसे शुरु हुआ इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है.
मार्च के पहले सप्ताह में भी कबीलों और विदेशी चरमपंथियों के बीच हुए संघर्ष में कम से कम 18 लोग मारे गए थे.