http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 19 मार्च, 2007 को 08:55 GMT तक के समाचार

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

लखनऊ में हैं राणा भगवान दास

इस बात की पुष्टि हो गई है कि पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए जज राणा भगवान दास दो हफ़्ते से लखनऊ में हैं.

पाकिस्तान सरकार राणा भगवान दास को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की घोषणा कर चुकी है. उन्हें 23 मार्च के बाद पदभार ग्रहण करना है.

यह घोषणा पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी के निलंबन के बाद हुई है.

न्यायाधीश इफ़्तिख़ार चौधरी के निलंबन के व्यापक विरोध के बाद से ही जस्टिस राणा भगवान दास के भारत में होने की अटकलें लगाई जा रही थी.

अब इस बात की पुष्टि हो गई है कि वो पिछले दो हफ्तों से लखनऊ नगर में रह रहे हैं.

फिलहाल पाकिस्तान की सर्वोच्च न्यायिक परिषद निलंबित मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी के ख़िलाफ़ पद के दुरुपयोग के आरोपों की जाँच कर रही है.

भगवान दाम सिंधी हिंदू हैं. वह लखनऊ में एक साधारण आदमी की तरह रहकर संत नीलू भगवान के सत्संग का आनंद ले रहे हैं. वह लखनऊ के कृष्णानगर मोहल्ले में एक छोटे से मकान में रह रहे हैं.

उनके एक पडोसी दीवान चंद केवलानी ने बीबीसी को बताया कि जज भगवान दास बहुत धार्मिक आदमी हैं. वह साधारण आदमी की तरह रहते हैं.

भगवान दास दीवान चंद के घर सत्संग में भी आए थे. वह राजनीतिक मुद्दों पर बात नहीं करते. मीडिया से बच रहे हैं. सिर्फ़ इतना बताया गया है कि अब वह जल्दी ही वापस जा रहे हैं.

जस्टिस राणा 22 मार्च तक छुट्टी पर हैं.