http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 17 मार्च, 2007 को 12:46 GMT तक के समाचार

स्कीइंग खिलाड़ी सुरक्षित बाहर निकले

भारत प्रशासित कश्मीर की वादियों में लापता हुए तीनों स्कीइंग खिलाड़ी सुरक्षित बाहर निकल आए हैं लेकिन उनका हेलिकॉप्टर क्षतिग्रस्त हो गया.

स्कीइंग दल के प्रमुख सिलान सूदान ने बीबीसी को बताया कि उनका पायलट पहाड़ियों में फँस गया था जिसे भारतीय वायुसेना की मदद से बाहर निकाल लिया गया है.

सूदान का कहना है कि उन लोगों ने 4200 मीटर की ऊँचाई पर हेलिकॉप्टर उतारने की कोशिश की लेकिन पायलट को नीचे की ज़मीन ठीक से दिखाई नहीं दे रही थी जिसके कारण यह हादसा हुआ.

दुर्घटना के बाद पायलट के अलावा दोनो स्कीइयर ख़ुद शनिवार को सुरक्षित ठिकाने पर आ गए.

सूदान ने इस अनुभव के बारे में बताया, "हमें बाहर निकलने में दस घंटे लगे. यह बेहद मुश्किल था. हमें रास्ता ढूँढने में कठिनाई हो रही थी."

तीनों ने शुक्रवार की रात कड़ाके की ठंड में खुले आकाश के नीचे बिताई.

ये स्कीइंग खिलाड़ी हेलिकॉप्टर के ज़रिए अपने रोमांचक कारनामों के लिए मशहूर हैं.

दुर्घटना

भारत प्रशासित कश्मीर के पर्यटन मंत्रालय के सचिव नईम अख़्तर ने बीबीसी को बताया कि हेलिकॉप्टर श्रीनगर से सोनमर्ग के निकट गुंद की तरफ़ जा रहा था, तभी ये हादसा हुआ.

इसके बाद भारतीय सेना से इस हेलिकॉप्टर की तलाश में मदद करने का अनुरोध किया गया.

फ्रांस के सिलवान सूदान को बहुत मुश्किल बर्फ़ीले इलाक़ों में स्कीइंग करने में माहिर माना जाता है.

वह पाकिस्तान में एक गुप्त पहाड़ी बर्फ़ीली चोटी पर भी अपने साहसिक कारनामे दिखा चुके हैं.

सिलवान सूदान हिमालय स्की क्लब भी चलाते हैं और यही क्लब स्कीइंग के माहिरों को कश्मीर में बहुत अस्थिरता वाले दिनों में भी ला चुका है.