शुक्रवार, 16 मार्च, 2007 को 16:13 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में अधिकारियों ने बताया है कि एक यूरोपीय हेलीकॉप्टर लापता हो गया है जिस पर तीन लोग सवार थे.
उस हेलीकॉप्टर पर तीन ऐसे स्कीइंग के खिलाड़ी सवार थे जो हेलीकॉप्टर के ज़रिए अपने रोमांचक कारनामों के लिए मशहूर हैं.
भारत प्रशासित कश्मीर के पर्यटन मंत्रालय के सचिव नईम अख़्तर ने बीबीसी को बताया कि हेलीकॉप्टर श्रीनगर से गुंद की तरफ़ जा रहा था जो सोनमर्ग के नज़दीक है.
सोनमर्ग में काफ़ी बर्फ़ रहती है और हेलीकॉप्टर उसी इलाक़े में लापता हो गया.
नईम अख़्तर ने बताया कि भारतीय सेना से इस हेलीकॉप्टर की तलाश में मदद करने का अनुरोध किया गया है.
हेलीकॉप्टर सवार तीन लोगों में से एक फ्रांस के सिलवान सूदान भी हैं जिन्हें बहुत मुश्किल बर्फ़ीले इलाक़ों में स्कीइंग करने में माहिर माना जाता है.
वह पाकिस्तान में एक गुप्त पहाड़ी बर्फ़ीली चोटी पर भी अपने साहसिक कारनामे दिखा चुके हैं.
सिलवान सूदान हिमालय स्की क्लब भी चलाते हैं और यही क्लब स्कीइंग के माहिरों को कश्मीर में बहुत अस्थिरता वाले दिनों में भी ला चुका है.