http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 14 मार्च, 2007 को 11:15 GMT तक के समाचार

खंडूरी सरकार को विश्वास मत मिला

भारत के उत्तराखंड प्रदेश में मुख्यमंत्री भुवन चंद खंडूरी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार ने बुधवार को विधान सभा में विश्वास मत हासिल कर लिया है.

जब खंडूरी ने विश्वास मत का प्रस्ताव सदन के पटल पर रखा तब विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार किया.

विश्वास मत के पक्ष में 39 मत पड़े जबकि बहुजन समाज पार्टी यानी बसपा के आठ विधायकों ने इसके विरोध में मतदान किया जबकि उत्तराखंड क्रांति दल के तीन और इतने ही निर्दलीय विधायकों ने विश्वास मत के समर्थन में मतदान किया.

70 सदस्यों वाली उत्तराखंड विधानसभा की 69 सीटों पर चुनाव हुए थे जिनमें भाजपा को 34 सीटें मिली थीं. यह संख्या बहुमत से एक कम थी. कांग्रेस को 21 सीटें मिली हैं और वह विपक्ष में है.

राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल ने बीसी खंडूरी को 20 मार्च तक विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया था.

उत्तराखंड क्रांति दल ने खंडूरी सरकार को नौ सूत्रीय शर्तों के आधार पर समर्थन देने का फ़ैसला किया है.

विश्वास मत पर हुई बहस के दौरान मुख्यमंत्री खंडूरी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए वे सभी राजनीतिक दलों को साथ लेकर चलने की कोशिश करेंगे.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी समुदायों के लोगों के अधिकारों की रक्षा करेगी.

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के इस आरोप के बेबुनियाद बताया कि उन्होंने अपने शपथ ग्रहण समारोह में करोड़ों रुपए ख़र्च किए.