बुधवार, 14 मार्च, 2007 को 04:50 GMT तक के समाचार
मोनिका चड्ढा
बीबीसी संवाददाता, मुंबई
मुंबई में एक दो मंज़िला इमारत की छत ढह जाने से कम से कम सात मजदूरों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हैं.
यह दुर्घटना मंगलवार की शाम मुंबई के गोरेगांव इलाके में हुई.
अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार की शाम क़रीब छह बजे गोरेगांव इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत की छत ढह गई और इसमें दबकर सात मजदूरों की मौत हो गई.
इस हादसे में क़रीब छह मजदूर घायल हो गए हैं. इन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है.
हादसे के तुरंत बाद ही प्रशासन ने इसके पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जाँच का काम शुरू कर दिया है. हालांकि अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया जा सका है.
बताया जा रहा है कि मारे गए मजदूरों में से अधिकतर बाहरी राज्यों के रहने वाले थे.
मुंबई में पिछले महीने ऐसी ही एक अन्य घटना में एक दीवार के ढह जाने से 15 लोगों की मौत हो गई थी.
ग़ौरतलब है कि भारत में कई जगहों से इस तरह की दुर्घटनाओं की ख़बरें पहले भी आती रही हैं और अधिकतर मामलों में पाया गया है कि निर्माण या मरम्मत के दौरान लापरवाही बरतने से ऐसी दुर्घटनाएं घटी हैं.