बुधवार, 14 मार्च, 2007 को 04:04 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में बुधवार को हुए एक विस्फोट में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक यह धमाका काबुल शहर के बीच में स्थित एक बारूद की दुकान में हुआ है.
जिस बाज़ार में यह धमाका हुआ है वहाँ बारूद, कारतूस और राइफलों की बिक्री होती है.
यह बाज़ार राष्ट्रपति निवास, कुछ सरकारी कार्यालयों और नैटो सेना के अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा सहायक बल (आईएसएएफ) के मुख्यालय के पास स्थित है.
धमाके के पीछे के कारणों का सही अनुमान अभी नहीं लगाया जा सका है. कुछ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट दुकान में रखे बारुद में हुआ है वहीं दूसरे पुलिस अधिकारी का कहना है कि यह एक बम विस्फोट है.
कुछ एजेंसियों के मुताबिक इस विस्फोट के लिए कार बम के इस्तेमाल की भी बात कही गई है.
धमाका इतना ज़ोरदार था कि इस बाज़ार की कई दुकानों और भवनों को इससे नुकसान पहुँचा है.
ग़ौरतलब है कि पिछले वर्ष राजधानी काबुल में कई आत्मघाती हमलों की घटनाएं सामने आई थीं पर इस वर्ष अभी तक ऐसा कोई भी हमला देखने को नहीं मिला था.