http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 13 मार्च, 2007 को 02:41 GMT तक के समाचार

बेमौसम बारिश से किसानों का नुकसान

भारत की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाक़ों में सोमवार को बेमौसम हुई भारी बारिश का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ सकता है.

सोमवार को राजधानी दिल्ली में दिन भर क़रीब 17 मिमी वर्षा हुई जबकि पूरे मार्च महीने में अब तक 15 मिमी बारिश ही दर्ज़ की गई थी.

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हवाओं में लगातार दो उतार चढ़ावों के कारण ये बारिश हुई है और अगले कुछ दिनों में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.

उधर कश्मीर में ज़बर्दस्त हिमपात हुआ है और मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों में पूरे उत्तर भार में बारिश की संभावना है.

हिमपात के कारण जम्मू कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग को असुरक्षित घोषित करते हुए बंद कर दिया गया है.

बारिश से जहां शहरी इलाक़ों में तापमान कम हो गया वहीं ग्रामीण इलाक़ों में खड़ी फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

विशेषज्ञों के अनुसार इस समय खेतों में सरसों की फ़सल को नुकसान पहुंच सकता है और अगले कुछ दिनों में बारिश हुई तो गेंहूं की फ़सल भी बर्बाद हो सकती है.

राजधानी दिल्ली में सोमवार की रात भी बारिश होती रही और कई स्थानों पर पानी का जमाव होने से यातायात भी प्रभावित हुआ है.