http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 13 मार्च, 2007 को 03:35 GMT तक के समाचार

महतो हत्याकांड मामले में गिरफ्तारियां

झारखंड मुक्ति मोर्चा के सांसद सुनील महतो की हत्या के मामले में झारखंड पुलिस ने दो माओवादियों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है.

ये गिरफ्तारियां जमशेदपुर से 40 किलोमीटर दूर घाटशिला में की गई.

जमशेदपुर के एसपी पंकज दराड के अनुसार पिछले चार दिनों से तलाशी अभियान चल रहा था और इसी के तहत दो माओवादियों राजन महतो और निर्मल महतो को गिरफ्तार किया गया है.

जमशेदपुर से सांसद सुनील महतो की होली की शाम एक फुटबॉल मैच के दौरान घाटशिला के पास हत्या कर दी गई थी.

दराड के अनुसार अभी तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है लेकिन दो माओवादियों के अलावा बाकी छह लोगों ने हत्या की योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं होने का दावा किया है.

पुलिस के अनुसार ये छह लोग माओवादियों को भोजन और आवास उपलब्ध कराते थे.

इससे पहले पुलिस कई ग्रामीणों से पूछताछ कर रही थी जिसमें एक रेडियो जॉकी भी शामिल था.

इस हमले में महतो के दो अंगरक्षक और पार्टी के स्थानीय नेता प्रभाकर महतो की भी मौत हो गई थी.

महतो की मौत के बाद से राज्य के कई सांसदों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.

इस घटना के बाद राज्य सरकार ने नक्सलियों के ख़िलाफ़ अभियान और तेज़ कर दिया है.