सोमवार, 12 मार्च, 2007 को 09:25 GMT तक के समाचार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर के अपील की है कि उनके ख़िलाफ सीबीआई जांच पर रोक लगाई जाए.
अपनी याचिका में उन्होंने मामले की जांच स्वतंत्र रुप से किसी न्यायाधीश से कराने की भी अपील की है.
मुलायम सिंह और उनके परिवार के सदस्यों के ख़िलाफ आय के ज्ञात स्त्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है जिसकी जांच सीबीआई कर रही है.
अपनी याचिका में उन्होंने सीबीआई जांच पर 31 मई तक रोक लगाने की मांग की है. इस तारीख तक राज्य में विधानसभा चुनाव पूरे हो जाएंगे.
सिंह का कहना है कि उन्हें सीबीआई पर भरोसा नहीं है इसलिए वो कोर्ट से अपील करते हैं कि इस मामले की जांच हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के किसी पूर्व न्यायाधीश से करवाई जाए.
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने एक मार्च को कोर्ट के आदेश में बदलाव की है जिसके तहत कोर्ट ने सीबीआई से मुलायम सिंह, उनके पुत्र और सासंद अखिलेश और प्रतीक यादव और पुत्रवधू डिंपल यादव के ख़िलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले मे प्राथमिक जांच के लिए कहा था.
मुलायम सिंह के ख़िलाफ़ आयकर विभाग भी जांच कर रहा है और इस बारे में उन्होंने कहा है कि यह जांच चलने दी जाए और इस जांच के खात्मे के बाद ही कोर्ट और कोई आदेश दे.
मुलायम सिंह और उनके परिवार के ख़िलाफ उत्तर प्रदेश के निवासी विश्वनाथ चतुर्वेदी ने जनहित याचिका दायर की है जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री पर अवैध तरीकों से संपत्ति जमा करने का आरोप लगाया है.
अपनी याचिका में मुलायम सिंह यादव ने सीबीआई को कठघरे में खड़ा किया है और क्वात्रोकी समेत कई मामलों का उदाहरण देते हुए कहा है कि सीबीआई केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रही है.