सोमवार, 12 मार्च, 2007 को 16:45 GMT तक के समाचार
भारतीय प्रशासित कश्मीर की पुलिस का कहना है कि कड़ाके की ठंड के कारण वैष्णो देवी जाते समय पाँच तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है और 10 की हालत ख़राब है.
भारी बारिश और बर्फबारी के कारण आम जन-जीवन अस्तव्यस्त हो गया है. उधमपुर ज़िले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीआर मन्हास ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस के गश्ती दल को इन पाँच तीर्थयात्रियों के शव मिले.
उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों के लिए लगाए गए टेंट में ये शव पड़े हुए थे. अन्य 10 तीर्थयात्री बेहोश पाए गए.
शनिवार से ही जम्मू और आसपास के इलाक़ों में भारी बारिश हो रही है जिसके कारण तापमान एकाएक काफ़ी कम हो गया है. वैष्णव देवी मंदिर साढ़े पाँच हज़ार फ़ीट की ऊँचाई पर है.
भारी बारिश के कारण 300 किलोमीटर जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग को बंद करना पड़ा है क्योंकि कई जगह चट्टानें खिसक गई हैं. इस कारण राजमार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन फँसे हुए हैं.
राजधानी श्रीनगर में भारी बर्फबारी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है. प्रशासन ने दो दिनों के लिए स्कूल बंद कर दिया है.